ओदेंसी (डेनमार्क) (mediasaheb.com), । भारत की दिग्गज महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने डेनमार्क ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में सिंधु ने इंडोनेशिया की मारिस्का जार्जिया तुनजुंग को शिकस्त दी।
सिंधु ने तुनजुंग को 38 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 21-18 से हराया। दोनों के बीच यह अब तक का छठा मैच था। सिंधु की हर बार जीत हुई है।
हालांकि पुरुष एकल वर्ग में पारूपल्ली कश्यप को बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। कश्यप को 38 मिनट तक चले मुकाबले में थाईलैंड के सिथिकोम थामासिन ने 21-13,21-12 से हराया।
वहीं, पुरुष युगल में हालांकि भारत को जीत मिली। सात्विकसाईंराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पुरुष युगल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। रैंकीरेड्डी और शेट्टी की जोड़ी ने पहले दौर की बाधा पार कर ली है। इन दोनों ने दक्षिण कोरिया के किम जी जुंग और ली योंग देई को 24-22, 21-11 से हराया। यह मैच 39 मिनट चला। (हि.स.)


